*पुरेना खपरी में जीरामजी योजना से ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार, पलायन में आई कमी*
बलौदाबाजार / छत्तीसगढ़ परिदर्शन
जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के विकासखंड बलौदाबाजार अंतर्गत ग्राम पंचायत पुरेना खपरी में केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी वीवी–जीरामजी (रोजगार गारंटी) योजना के तहत ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। पंचायत क्षेत्र में सामुदायिक जल संचयन तालाब (घ्रुघ्रवा तालाब) के नवीनीकरण का कार्य जोर-शोर से जारी है, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं।
इस कार्य के अंतर्गत वर्तमान में कुल 88 श्रमिक कार्यरत हैं। रोजगार मिलने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है और उन्होंने पंचायत द्वारा किए जा रहे प्रयासों के लिए सरपंच रमा रोशन साहू के प्रति आभार व्यक्त किया है।
सरपंच रमा रोशन साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि जल संचयन कार्य न केवल रोजगार उपलब्ध करा रहा है, बल्कि इससे भविष्य में जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप मजदूरों की मांग के अनुसार रोजगार दिया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अपने ही गांव में काम मिल रहा है।
इस योजना के प्रभाव से ग्रामीणों की आजीविका सुदृढ़ हो रही है तथा बाहर पलायन में कमी देखने को मिल रही है। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलने से परिवारों की आर्थिक स्थिति में भी सुधार हो रहा है।
कार्यस्थल पर पंचायत के विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें सचिव थानेश्वर प्रसाद साहू, रोजगार सहायक तेजपाल साहू, मेट महेश्वरी साहू एवं लेखराम निषाद प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी के सहयोग से कार्य सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह योजनाओं का क्रियान्वयन होता रहा, तो गांव में विकास के साथ-साथ आत्मनिर्भरता भी बढ़ेगी। पंचायत द्वारा किए जा रहे कार्यों को क्षेत्र में सराहना मिल रही है।
