*“दीदी के गोठ” रेडियो कार्यक्रम का पहला एपिसोड प्रसारित – बिहान की दीदियों को आत्मनिर्भर बनने का संदेश*
पलारी।छत्तीसगढ़ परिदर्शन
छत्तीसगढ़ राज्य आजीविका मिशन – बिहान के तहत किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों और महिला स्व-सहायता समूहों की उपलब्धियों को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से आज प्रदेशभर में रेडियो कार्यक्रम “दीदी के गोठ” का पहला एपिसोड प्रसारित किया गया। यह कार्यक्रम रविवार दोपहर 12:15 बजे से आकाशवाणी के सभी केंद्रों से एक साथ प्रसारित हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री ने प्रदेश की सभी स्व-सहायता समूह की दीदियों को संबोधित किया। अपने उद्बोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि— “एक समाज तभी सशक्त हो सकता है जब उसकी महिलाएँ आत्मनिर्भर और संगठित हों। सरकार का उद्देश्य है कि बिहान की दीदियों को हर स्तर पर सहयोग मिले और वे अपने हुनर को रोजगार में बदलकर नई पहचान बना सकें।
उन्होंने आगे कहा कि महिला स्व-सहायता समूह न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज की आर्थिक रीढ़ हैं। सरकार उनकी आय बढ़ाने और बाजार तक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए निरंतर योजनाएँ संचालित कर रही है।
जनपद पंचायत पलारी के सभाकक्ष में भी इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समूह की दीदियाँ उपस्थित थीं। कार्यक्रम में भाजपा मंडल पलारी एवं रोहांसी अध्यक्ष पवन वर्मा और विजय कोसले, जनपद उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज आडील, जनपद सभापति उमेश यदु, जनपद सदस्य लता बघेल, कृष्णा आजाद, जनपद सदस्य प्रतिनिधि मोकेश चंद्राकर, जनपद सीईओ तथा अन्य कर्मचारी शामिल हुए।
सभी अतिथियों ने समूह की दीदियों को संबोधित करते हुए कहा कि—
व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार का उचित माध्यम अपनाएँ।
बाजार, हाट और मेलों में स्टॉल लगाकर अपने उत्पादों को सीधे उपभोक्ताओं तक पहुँचाएँ।
बिहान द्वारा प्रदत्त प्रशिक्षण और योजनाओं का लाभ लेकर व्यवसाय को नई दिशा दें।
कार्यक्रम के दौरान दीदियों ने भी उत्साहपूर्वक अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और सरकार की इस पहल की सराहना की।इस अवसर पर यह संदेश स्पष्ट रूप से उभरा कि “नारी ही शक्ति है और जब नारी अपनी शक्ति को सही दिशा देती है, तो समाज और राज्य दोनों का विकास सुनिश्चित होता है।”


