*अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर जनपद पंचायत पलारी में श्रमिकों का किया गया सम्मान।*
छत्तीसगढ़ परिदर्शन -पलारी
अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जनपद पंचायत पलारी में “स्वच्छता ही सेवा” अभियान के अंतर्गत एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मेहनतकश श्रमिकों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत की अध्यक्ष सविता भीम यादव एवं उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज आडिल ने श्रमिकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत पलारी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पी.एल. धुर्वे, परियोजना अधिकारी (मनरेगा) अंजू भोगामी, ब्लॉक समन्वयक (एसबीएम) रजनीकांत बंजारे तथा अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।जनपद अध्यक्ष सविता भीम यादव ने श्रमिकों के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि समाज निर्माण में श्रमिकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, और उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज आडिल ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत ही किसी भी विकास कार्य की नींव होती है।
इस अवसर पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने हेतु भी प्रेरक संदेश दिए गए और श्रमिकों को उपयोगी सामग्री भेंट की गई। कार्यक्रम का वातावरण सम्मान, सहयोग और सराहना से परिपूर्ण रहा।
